नक्‍सल विरोधी अभियान

गिरिडीह, 7 फरवरी । जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और केंद्रीय बल को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीआरपीएफ की 154 बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के खिलाफ विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया।

इस अभियान के दौरान खुखरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पारसनाथ पहाड़ी के भालकी पहाड़, कानेडीह के समीप नक्सलियों द्वारा गड्ढों में छुपाकर रखे गए भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामग्री में 303 बोर की 11 सिंगल शॉट राइफल, .22 बोर की 9 राइफल, 6 ग्रेनेड, एक एसएलआर ग्रेनेड प्रोजेक्टर, एक एम्युनिशन बॉक्स, 30 चार्जर क्लिप तथा दो बंडल इलेक्ट्रिक कॉपर वायर शामिल हैं। सभी हथियारों और गोला-बारूद को विधिसम्मत तरीके से जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) के साथ सीआरपीएफ 154 बटालियन के वरीय अधिकारियों ने किया। अभियान में जिला पुलिस बल एवं सीआरपीएफ के जवानों की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।