तीन तस्कर गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम, 22 मई । जिले के टेबो थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। रोगोद गांव के जंगल इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से 20 किलो पोस्ता, दो बाइक करीब 07 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर जंगल क्षेत्र में अफीम और पोस्ता के अवैध कारोबार के सिलसिले में जुटने वाले हैं। सूचना मिलते ही टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मारांडी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और इलाके में घेराबंदी कर सर्च अभियान शुरू किया गया।

छापेमारी के दौरान जैसे ही संदिग्ध लोग वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में पोस्ता, नकद राशि और दो बाइक बरामद हुईं।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान बुद्धनाथ पूरती (38), सोमा हास्सा पूरती (26) और मांगरा हुनी पूरती (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

शुक्रवार को टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी ने बताया कि जिले में नशे और मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस आगे भी ऐसे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगलों से घिरा हुआ है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग चोरी-छिपे अफीम की खेती और तस्करी का धंधा चला रहे हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने जंगल क्षेत्रों में निगरानी और छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।