अलीपुरद्वार, 01 जून । पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के पहले मंत्रिमंडल विस्तार में अलीपुरद्वार जिले ने एक अनोखा रिकॉर्ड कायम किया है। सोमवार को कोलकाता के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जिले के तीन विधायकों—फालाकाटा के दीपक बर्मन, कुमारग्राम के मनोज उरांव और कालचीनी के विशाल लामा ने मंत्री पद की शपथ ली।
एक ही जिले से तीन-तीन विधायकों के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर पूरे अलीपुरद्वार जिले में जश्न का माहौल है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविवार रात को ही इन नेताओं के मंत्री बनने की खबर आधिकारिक रूप से सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।
जिले के भाजपा कार्यालय के बाहर देर रात से ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई। जमकर आतिशबाजी की गई, अबीर-गुलाल उड़ाए गए। कई जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं और आम लोगों को भी इस खुशी में शामिल किया गया।
सोमवार सुबह से अलीपुरद्वार, फालाकाटा, कुमारग्राम और कालचीनी क्षेत्रों में उत्सव का माहौल बना हुआ है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित रहे इस जिले को अब सरकार में मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है, जिससे डुआर्स क्षेत्र, खासकर आदिवासी और चाय बागान इलाकों के विकास को गति मिलेगी।
लोकभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण देखने के बाद से ही पूरे जिले में उत्साह और उत्सव का माहौल बना हुआ है।
