कुए से बच्चियां बरामद

ग्रामीणों ने जताई साजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

पलामू, 1 मार्च। पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत चराई-2 पंचायत के मनन्दोहर गांव में शनिवार दोपहर खंडहर पड़े कुएं से तीन बच्चियां बरामद की गईं। इनमें दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जिसका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार करीब दो बजे ग्रामीणों ने कुएं की ओर से एक बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनी। आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि कुएं में तीन बच्चियां थीं। दो बच्चियां मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि एक बच्ची पानी में तैरते हुए मदद के लिए पुकार रही थी। ग्रामीणों ने प्रयास कर जीवित बच्ची को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। मृत बच्चियों की पहचान मनन्दोहर निवासी उदेश यादव की पुत्री 8 वर्षीय प्रीति कुमारी एवं 6 वर्षीय सोनम कुमारी के रूप में हुई है। वहीं घायल बच्ची की पहचान 7 वर्षीय चानो कुमारी, निवासी हेनहे (छतरपुर) के रूप में हुई, जो अपने मामा के घर मनन्दोहर में रह रही थी।

गंभीर रूप से घायल चानो कुमारी को प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर भेजा गया, जहां से स्थिति नाजुक होने पर उसे मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि तीनों बच्चियों को साजिश के तहत कुएं में फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा ग्रामीणों से पूछताछ जारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक ही पिता की दो बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।