कोलकाता, 12 सितंबर। न्यूरोक्रिटिकल केयर सोसाइटी ऑफ इंडिया का सातवां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन ‘एनसीएसआई 2026’ शुक्रवार रात से कोलकाता के ताज ताल कुटीर में शुरू हो गया। 13 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रमुख विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पेशेवर हिस्सा ले रहे हैं। सम्मेलन का विषय ‘बुनियादी सिद्धांतों से नई उपलब्धियों तक : न्यूरोक्रिटिकल केयर को आगे बढ़ाना’ है।
सम्मेलन में न्यूरोक्रिटिकल केयर के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र पर विशेषज्ञ चर्चा कर रहे हैं। इसमें बुनियादी चिकित्सकीय सिद्धांतों के साथ आधुनिक तकनीक, न्यूरोमॉनिटरिंग, न्यूरोइमेजिंग, सटीक चिकित्सा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
वैज्ञानिक कार्यक्रम में तीव्र स्ट्रोक, मस्तिष्क के भीतर रक्तस्राव, सबरैक्नॉयड रक्तस्राव, मस्तिष्क की चोट, स्टेटस एपिलेप्टिकस, केंद्रीय तंत्रिका तंत्र के संक्रमण और न्यूरोमस्कुलर आपात स्थितियों सहित गंभीर तंत्रिका संबंधी रोगों पर चर्चा हो रही है। इसके अलावा न्यूरोलॉजिकल जांच, श्वसन मार्ग और वेंटिलेशन प्रबंधन, रक्तसंचार संबंधी स्थिरीकरण, दौरे और इंट्राक्रैनियल प्रेशर का प्रबंधन तथा मस्तिष्क को होने वाली द्वितीयक क्षति की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषय भी कार्यक्रम का हिस्सा हैं।
तीन दिवसीय सम्मेलन में मुख्य व्याख्यान, नवीनतम चिकित्सा प्रगति पर सत्र, संवादात्मक पैनल चर्चा, वाद-विवाद, मरीजों से जुड़े मामलों पर आधारित चर्चा और व्यावहारिक चिकित्सकीय सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में साक्ष्य आधारित और मरीज-केंद्रित चिकित्सा पद्धति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सम्मेलन में 12 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें प्रो. डॉ. रयान हकीमी, डॉ. विजय कुमार शर्मा, डॉ. प्रियंका जैन, डॉ. शोजी योकोबोरी, डॉ. जेमालिन बी. सरापुद्दीन, डॉ. ऋत्विक भाटिया, डॉ. चित्रा वेंकटसुब्रमणियन, डॉ. जो एन सोलिवेन, डॉ. सुरभि टी. सिंह, डॉ. चिदानंद स्वामी मुथुगडुरु नारप्पा, डॉ. सुखेन सामंता और डॉ. सुजय सामंता शामिल हैं। उनकी भागीदारी से न्यूरोक्रिटिकल केयर के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान, अकादमिक सहयोग और मौजूदा चुनौतियों पर चर्चा का अवसर मिल रहा है।
एनसीएसआई 2026 का उद्देश्य वैज्ञानिक शोध और मरीजों के उपचार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा शिक्षा, शोध, मार्गदर्शन और विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के बीच सहयोग को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में न्यूरोलॉजिस्ट, न्यूरोसर्जन, इंटेंसिविस्ट, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट, आपात चिकित्सा विशेषज्ञ, नर्स, प्रशिक्षु चिकित्सक और अन्य स्वास्थ्यकर्मी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ संवाद कर रहे हैं।
सम्मेलन का आयोजन प्रो. डॉ. बिभु कल्याणी दास के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन सचिव के रूप में डॉ. अरिजीत कुमार बराई और डॉ. राहुल घिया जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, एनसीएसआई 2026 को केवल वैज्ञानिक सम्मेलन तक सीमित रखने के बजाय ज्ञान, नवाचार, सहयोग और पेशेवर विकास का मंच बनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गंभीर न्यूरोलॉजिकल रोगियों के उपचार के परिणामों को बेहतर करना है।
