fs

खूंटी , 18 जुलाई । चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए शुक्रवार की देर रात तोरपा और मुरहू की दो शराब दुकानों और मुरहू की एक ज्वेलरी दुकान के ताले तोड़कर लाखों रूपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात चार नकाबपोश चोर चारपहिया वाहन से मेन रोड पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मां शांति ज्वेलर्स का शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और वहां रखे करीब 10 से 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। इसके बाद चोरों ने पास स्थित वाइन शॉप का शटर तोड़कर करीब 40 हजार रुपये नकद, तीन पेटियों में रखी बीपी क्लासिक, रॉयल ग्रीन, सिग्नेचर सहित कुल 96 बोतल शराब चोरी कर ली।

शनिवार सुबह जब दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा और सामान बिखरा देखकर घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चारों नकाबपोश चोरों की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की पुष्टि हुई है।

सबसे गंभीर बात यह रही कि थाना से कुछ ही दूरी पर चोर करीब आधे घंटे तक वारदात को अंजाम देते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

घटना के बाद व्यापारियों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरोह का खुलासा कर चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।

इधर, मुरहू मुख्य मार्ग स्थित डाकघर के नीचे संचालित कम्पोजिट शराब दुकान में शुक्रवार की रात नकाबपोश चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर वेंटिलेटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और करीब 40 हजार रुपये नकद और ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की छह फुल बोतल शराब लेकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

दुकान संचालक जब सुबह में दुकान खोलने पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल मुरहू थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी फुटेज में एक चोर दुकान के सामने लगे वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर लाल रंग का कपड़ा बांध रखा था। अंदर घुसने के बाद चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि कैमरों में चोरी की शुरुआती गतिविधियां कैद हो गई हैं।

दुकान संचालक ने बताया कि प्रथम दृष्टया करीब 40 हजार रुपये नकद और ब्लेंडर्स प्राइड ब्रांड की छह फुल बोतल शराब चोरी हुई है।