पलामू, 17 नवंबर । झारखंड में पलामू जिले में पांकी के आसेहार के टिटही टोला में एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात के बाद परिजनों ने आरोपितों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उदय यादव (38) के रूप में हुई है। घटना रविवार देर रात की है और सोमवार दोपहर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया गया है।
मृतक के भाई संजय कुमार यादव ने बताया कि उसके भाई की हत्या उसकी भाभी रंजू देवी ने अपने प्रेमी लेस्लीगंज के चौरा निवासी चंदन पासवान के साथ मिलकर की है। चंदन और उसकी भाभी के बीच डेढ़ साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों अक्सर बातचीत करते थे, जिससे पति-पत्नी के बीच हमेशा झगड़ा होता था। पत्नी लगातार अपने पति को जान से मारने की धमकी देती रहती थी।
संजय ने बताया कि रविवार रात उसकी भाभी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसके भाई की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। कुछ देर तक तो भाभी नासमझी का नाटक करती रही, लेकिन बाद में स्थिति साफ हो गई। गला घोंटने में इस्तेमाल की गई रस्सी भी घटनास्थल पर ही मिली। भाभी और उसके प्रेमी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। उसके दो बच्चे हैं, एक 11 साल का और दूसरा 8 साल का।
जानकारी के मुताबिक, महिला का प्रेमी चंदन पेशे से ड्राइवर है। वह अक्सर अपने काम को लेकर गांव में राजेश सिंह से मिलने आता था। इसी दौरान उसका संजय की भाभी से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
