कोलकाता, 14 मई । पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणाम इस वर्ष काफी शानदार रहे हैं। राज्य का कुल पास प्रतिशत 91.23 प्रतिशत दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, कुल छह लाख 35 हजार 931 छात्र-छात्राएं नामांकित हुए थे, जिनमें से छह लाख 26 हजार 258 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और पांच लाख 71 हजार 355 छात्र सफल घोषित किए गए।
जिलों के प्रदर्शन में पूर्व मेदिनीपुर ने 94.19 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि हावड़ा (93.84 प्रतिशत), हुगली (93.41 प्रतिशत) और उत्तर 24 परगना (93.11 प्रतिशत) ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। कोलकाता का पास प्रतिशत 91.88 प्रतिशत रहा, वहीं दक्षिण 24 परगना ने 93.71 प्रतिशत के साथ अच्छा परिणाम दिया। दूसरी ओर जलपाईगुड़ी (86.72 प्रतिशत), अलीपुरद्वार (87.65 प्रतिशत) और पश्चिम बर्धमान (87.28 प्रतिशत) में अपेक्षाकृत कम परिणाम देखने को मिला। इस वर्ष छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों की तुलना में बेहतर रहा और कुल मिलाकर परिणाम संतोषजनक माना जा रहा है।
इस परीक्षा में जारी मेधा सूची में कुल 64 छात्रों ने टॉप-10 में जगह बनाई। अदृतो पाल ने 496 अंक (99.2 प्रतिशत) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिष्णु कुंडू, ऋतब्रत नाथ और ऐतिह्य पाछल ने 495 अंकों के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। देवप्रिय माझी, तन्मय मंडल, सौम्य रॉय, शुभायन मंडल और प्रीतम बल्लभ ने 494 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
दुर्गापुर के अभिमन्यु सिंह ने 488 अंक प्राप्त कर राज्य में नवम स्थान हासिल किया।
दुर्गापुर के टी. एन. उच्च विद्यालय के छात्र अभिमन्यु सिंह की इस सफलता ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। हर्षवर्धन एवेन्यू निवासी अभिमन्यु के पिता दामोदर वैली कॉरपोरेशन में कार्यरत हैं। बचपन से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित अभिमन्यु का सपना है कि वह आगे चलकर एक बड़ा डॉक्टर बने और समाज की सेवा करे।
अपनी सफलता पर उन्होंने कहा कि उसे इतने अच्छे परिणाम की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उन्हें अपने प्रयासों पर भरोसा था। उनकी मां मिताली सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय रामकृष्ण परमहंस और मां शारदा देवी के आशीर्वाद को दिया और बेटे की सफलता पर गर्व जताया। अभिमन्यु की इस उपलब्धि से न केवल उसका परिवार बल्कि पूरा दुर्गापुर क्षेत्र खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
पश्चिम बर्धमान जिले में उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 के आंकड़े इस प्रकार हैं। कुल 18 हजार 583 परीक्षार्थी नामांकित हुए, जिनमें आठ हजार 383 लड़के (45.11 प्रतिशत) और 10 हजार 200 लड़कियां (54.89 प्रतिशत) शामिल थीं।
परीक्षा में कुल 18 हजार 406 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें आठ हजार 316 लड़के (45.18 प्रतिशत) और 10 हजार 090 लड़कियां (54.82 प्रतिशत) थीं।
परिणाम के अनुसार, कुल 16 हजार 064 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें छह हजार 971 लड़के (43.40 प्रतिशत) और नौ हजार 93 लड़कियां (56.60 प्रतिशत) शामिल हैं। जिले का कुल पास प्रतिशत 87.28 प्रतिशत रहा।
इस वर्ष पश्चिम बर्धमान जिले में लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। पास प्रतिशत में लड़कियां लड़कों से लगभग 11.20 प्रतिशत आगे रहीं।
