कोलकाता, 25 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल में रविवार को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में आज बारिश की संभावना कम है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 27 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
राजधानी कोलकाता सहित हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर एवं मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, बांकुड़ा और पुरुलिया में आज मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने के साथ कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छा सकते हैं। दिन के समय गर्मी और उमस महसूस हो सकती है। कोलकाता और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान लगभग 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर से दक्षिण बंगाल में मौसम बदल सकता है। कोलकाता समेत गंगा के मैदानी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय जिलों में तेज और झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका भी जताई गई है।
उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर एवं दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में रविवार को मौसम सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि, 29 से 31 अक्टूबर के बीच उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी और निचले इलाकों में मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण आने वाले दिनों में बारिश और हवा की गति बढ़ सकती है। समुद्र में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से भी मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की गई है।
