NADI

सिलीगुड़ी, 31 अक्टूबर । उत्तर बंगाल में लगातार हो रही बारिश के कारण बालासन नदी का जलस्तर काफ़ी बढ़ गया है। इसलिए, दुधिया में ह्यूम पाइप से बने अस्थायी पुल को लेकर प्रशासन चिंतित है।

प्रशासन गुरूवार रात से ही पुल और उसके आस-पास के इलाके पर नजर रख रहा है। शुक्रवार सुबह से ही पुल पर यातायात नियंत्रित किया जा रहा है। दरअसल, पुल अस्थायी रूप से बनाया गया है, इसलिए माना जा रहा है कि यह ज्यादा पानी का बहाव झेलने की क्षमता नहीं है। ऐसे में अगर पुल फिर से बह गया, तो सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच सीधा संपर्क टूट सकता है।

उल्लेखनीय है कि चार अक्टूबर की रात को दुधिया में बालासन नदी पर 1965 में बना पुराना लोहे का पुल टूट गया था। फिर, 26 अक्टूबर को लोक निर्माण विभाग ने विकल्प के तौर पर ह्यूम पाइप से बना एक अस्थायी पुल बनाया। फ़िलहाल, मिरिक और सिलीगुड़ी के बीच उसी पुल के ज़रिए संपर्क जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार में आज रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जगहों पर 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। इसके अलावा कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में तेज हवाओं के साथ बहुत भारी बारिश (7 से 20 सेंटीमीटर) की संभावना है।

दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में भी भारी बारिश जारी रहेगी। इन दोनों जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर के लगभग सभी जिलों में रविवार से मौसम बदल सकता है। शनिवार को भी ज्यादा बारिश की संभावना नहीं है। शनिवार को अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश की संभावना है।