कोलकाता, 3 अप्रैल। कलाकार स्ट्रीट स्थित चार चौक श्री हनुमान मंदिर में दो दिवसीय बालाजी महाराज का जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। संस्थापक प्रेरक भाईजी मदनलालजी पोद्दार के आशीर्वाद से आयोजित इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्तिरस में डुबकी लगाई।
उत्सव के प्रथम दिवस सायंकाल रामचंद्र जोशी, सुरेश जोशी, पंडित सांवरमल शास्त्री एवं मधुसूदनजी के सान्निध्य में सामूहिक सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन हुआ। इस दौरान भक्तों ने भावपूर्वक बाबा का दुग्ध स्नान कर श्रद्धा अर्पित की। दिल्ली से पधारे मनीष चौहान एवं उनके बैंड ‘मौज फ़क़ीरा दी’ के साथ संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें उपस्थित श्रद्धालु भजनों की मधुर धुनों पर झूम उठे।
द्वितीय दिवस श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल से ही बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लग गईं। भक्तों ने दर्शन, पूजन, जात और धोक के साथ सवामणि प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर हावड़ा के सलकिया स्कूल रोड से आई विशाल पदयात्रा का भव्य स्वागत शीतल शर्बत एवं अल्पाहार की व्यवस्था के साथ किया गया।
पार्षद विजय उपाध्याय ने दरबार में उपस्थित होकर अरदास लगाई। दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पुनः सामूहिक सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। रात्रि में आयोजित जन्मोत्सव आरती में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
इसके उपरांत श्री गोपाल परिवार, श्री श्याम मंडल (नूतन बाजार), श्री हनुमान घाटा भक्त मंडल (संध्या बाजार), श्री श्याम परिवार (तुलसी धाम) एवं श्री चार चौक भक्त वृंद के तत्वावधान में रात्रि भर भजन संध्या का आयोजन हुआ। नीलमणि राठी-रमा चांडक, धीरेन-संगीता संघवी, पवन भाटिया, लक्ष्मण शाह सहित अनेक भक्तों ने भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
पार्षद विजय ओझा एवं मीना देवी पुरोहित ने भी सस्वर हनुमान चालीसा पाठ कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में परमेश्वर पोद्दार, पवन पोद्दार, आलोक अग्रवाल, विनोद गुप्ता, गोपी मारु, राजकुमार कसेरा, राजेंद्र खण्डेलवाल, योगेश टिबड़ेवाल, चंद्रशेखर सराफ, अशोक अग्रवाल एवं सुनील साह सहित अनेक सेवाभावी भक्तों का विशेष योगदान रहा।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया, जहां हर ओर “जय श्री राम” और “बाबा की जय” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।
