रांची, 02 अक्टूबर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर आज राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुँचकर गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि “बापू के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।”
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गांधी जी को याद करते हुए कहा कि उनकी शिक्षाएँ आज भी देश और दुनिया को अहिंसा व सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के सिद्धांतों और त्याग ने न केवल स्वतंत्रता संग्राम को दिशा दी, बल्कि आजादी के बाद लोकतंत्र को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने समस्त राज्यवासियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में बापू के सिद्धांतों को आत्मसात कर समाज में शांति, भाईचारे और एकता को और प्रगाढ़ बनाएं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उपायुक्त और वरीय अधिकारियों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
गांधी जयंती के अवसर पर रांची के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने भी बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, हस्तशिल्प निदेशालय से अमित कुमार, मुख्यमंत्री लघु कुटीर उद्योग विकास बोर्ड के सीईओ राजीव रंजन, झारखण्ड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सुमन पाठक, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा, यातायात पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे और महात्मा गांधी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
