बाबूलाल मरांडी

गिरिडीह, 22 अगस्‍त।  नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और झामुमो पर  छात्रों की आवाज को सुनियोजित तरीके से दबाने का आरोप लगाया है।

मरांडी ने  आरोप लगाया कि जहां भी छात्र अपनी आवाज उठाने या सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने पहुंच रहे हैं, वहां उनके साथ मारपीट की जा रही है । छात्रों को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने से रोका जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुतला दहन करना भी लोकतांत्रिक विरोध का एक माध्यम है। छात्रों को पुतला दहन करने से रोकना और उनके साथ मारपीट करना सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों के साथ है और उनकी आवाज को दबने नहीं देगा।

बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट किया कि विपक्ष ने कभी किसी परीक्षा को रद्द करने की मांग नहीं की । विपक्ष की मांग केवल निष्पक्ष जांच की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

मरांडी ने कहा कि दोषी चाहे किसी भी दल, पद या प्रभाव से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो, जांच के बाद उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की।