हजारीबाग, 22 अगस्त । राहुल दुबे गैंंग के गुर्गों और हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना के पुलिस कर्मियों के बीच शनिवार सुबह 3: 50 बजे हुई मुठभेड़ में गैंग के दो अपराधी घायल हो गए । दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। एक अपराधी भागने में सफल रहा।
घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार एवं रोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। घायलों को हजारीबाग शेख भिखारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि 22 अगस्त को 2:30 बजे सूचना मिली कि राहुल दुबे के कुछ गुर्गे गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आस-पास मोटरसाइकिल से घूम रहे है, ये किसी बड़ी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं।
आवश्यक कार्रवाई के लिए उरीमारी थाना प्रभारी ने शस्त्र बल के साथ पुराना कांटा घर रोड के आस पास सघन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान लगभग 3:50 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति भुरकुंडा की तरफ से आते दिखाई दिए। जिन्हें रुकने का इशारा किया तो, वह मोटरसाइकिल मोड़ कर भागने लगे। भागने के क्रम में मोटरसाइकिल गिर गई और अपराधी जंगल की ओर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग करने लगे।
पुलिस की तरफ से जवाबी कार्रवाई में दो जने घायल हो गए। घायल बादल कुमार एवं मोहित कुमार उर्फ़ पीटर को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया है।एक अपराधी जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।
घटनास्थल से दो हथियार, गोली, खोखा, परचा एवं मोबाइल बरामद किया गया है आगे की करवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव तथा सशस्त्र पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।
