दोस्त ही निकला दोस्त का हत्यारा

धनबाद, 24 सितंबर ।  बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित वासेपुर मटकुरिया आंगनबाड़ी केंद्र के सेफ्टी टैंक में गत 22 सितंबर को मिले सोनू यादव (22) के शव मामले की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है।  टोटो चालक सोनू की गला रेतकर हत्या करने वाला शख्स कोई और नही, बल्कि उसका पुराना दोस्त ही था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

बुधवार को धनबाद के नगर एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने  बताया कि घटना स्थल पर फोरेंसिक जांच में मिले सबूतों के आधार पर मृतक के दोस्त तुलसी विश्वकर्मा उर्फ फेकन (28), जो वासेपुर मटकुरिया बस्ती का ही रहने वाला है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर फेकन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि मृतक और फेकन की अच्छी दोस्ती थी, लेकिन एक सप्ताह पूर्व दोनों में झगड़ा हो गया था। इस दौरान सोनू ने फेकन को काफी गालियां दी थी। इसके बाद जब भी सोनू को मौका मिलता वह फेकन को काफी बेइज्जत करता था। इसी से खुन्नस खा कर उसने सोनू की पेट मे छुरा मारकर और गला रेतकर हत्या कर दी।

इसके बाद शव की छुपाने की नीयत से उसने शव को आंगनबाड़ी के सूखे सेफ्टिक टैंक में डाल दिया। वहीं पुलिस ने गिरफ्तार तुलसी उर्फ फेकन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किये गए चाकू, कपड़ा और चप्पल को भी बरामद कर लिया है।