रामगढ़, 11 जून । झारखंड के रामगढ़ जिले में एक बार फिर जंगली हाथियों का खौफ देखने को मिल रहा है। जिले के गोला और चितरपुर प्रखंड में कुल 22 जंगली हाथियों के दो अलग-अलग झुंडों ने डेरा डाल रखा है। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग रातभर जागकर अपनी सुरक्षा करने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार गोला प्रखंड के खोखा ग्रामीण क्षेत्र में 14 जंगली हाथियों का बड़ा झुंड विचरण कर रहा है, जबकि चितरपुर के हाथुदाग इलाके में 8 हाथियों का झुंड लगातार घूम रहा है। हाथियों के गांवों के आसपास पहुंचने से भयभीत ग्रामीण रात के समय खेतों और घरों की सुरक्षा के लिए रतजगा कर रहे हैं।
वन विभाग की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को लगाया गया है। रामगढ़ के डीएफओ नीतीश कुमार ने प्रभावित क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को हाथियों के नजदीक न जाने, उन्हें उकसाने की कोशिश न करने तथा रात के समय बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
फिलहाल वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है, लेकिन हाथियों के इन झुंडों ने गोला और चितरपुर के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि हाथियों को कब तक सुरक्षित रूप से जंगल की ओर वापस भेजा जा सकेगा।
