पूर्व बर्दवान, 29 अप्रैल। मतदान के दौरान पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर विधानसभा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। धाबधारा इलाके के 188 और 189 नंबर बूथ के पास केंद्रीय बल पर एक मतदाता को थप्पड़ मारने और उसका वोटर स्लिप फाड़ने का आरोप लगा है।
स्थानीय तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बूथ से करीब 400 मीटर दूर एक मतदाता को मतदान के बारे में सहयोग किया जा रहा था। तभी अचानक केंद्रीय बल के जवान वहां पहुंच गए। आरोप है कि जवानों ने एक तृणमूल कार्यकर्ता के साथ मारपीट की और एक मतदाता को थप्पड़ मारकर उन दोनों के पास मौजूद वोटर स्लिप फाड़ दी।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव फैल गया।
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि तृणमूल के लोग बूथ के बाहर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे, इसलिए केंद्रीय बल ने हस्तक्षेप किया।
