crime

कोलकाता, 08 अगस्त । उत्तर कोलकाता के सोनागाछी इलाके से पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी को बरामद किया है जिसे देह व्यापार के उद्देश्य से लाया गया था। किशोरी को कथित रूप से उसके मित्र बाबुल उर्फ शफीकुल मोल्ला ने सोनागाछी लाकर शाहमुख उर्फ शाहुरुल लश्कर नामक युवक के हवाले कर दिया था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मानव तस्करी और नाबालिग को देह व्यापार में धकेलने की साजिश समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरी को सोनागाछी लाकर एक युवक के हवाले किए जाने की सूचना मिलने के बाद बड़तला थाने की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस की एक टीम सोनागाछी पहुंची और इलाके के विभिन्न घरों में तलाशी अभियान चलाया। जांचकर्ताओं ने घर-घर जाकर किशोरी की तलाश की।

काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने 19, दुर्गाचरण मित्र स्ट्रीट स्थित एक कमरे से किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसकी पहचान की पुष्टि करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

जांच में सामने आया है कि किशोरी को कथित रूप से देह व्यापार में लगाकर कमाई करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस के अनुसार, इस साजिश में बाबुल उर्फ शफीकुल मोल्ला की भूमिका सामने आई है। वह श्यामनगर का निवासी बताया गया है। किशोरी को सोनागाछी में जिस शाहमुख उर्फ शाहुरुल लश्कर के हवाले किया गया था, उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दोनों आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आपराधिक षड्यंत्र, दुष्कर्म, बच्चे के अपहरण, देह व्यापार के लिए बच्चे की खरीद-बिक्री, मानव तस्करी और उत्पीड़न सहित कई आरोप लगाए हैं।

पुलिस दोनों आरोपितों को शनिवार को अदालत में पेश करेगी और उनसे पूछताछ के लिए हिरासत की मांग करेगी। जांचकर्ताओं का उद्देश्य इस मामले के माध्यम से सोनागाछी में सक्रिय महिला एवं बाल तस्करी के नेटवर्क का पता लगाना है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क के पीछे किसी बड़े संचालक की भूमिका है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।