keti

कोलकाता, 06 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने के उद्देश्य से 407 करोड़ रुपये की बड़ी कृषि सब्सिडी योजना शुरू की है। कृषि विभाग द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए घोषित इस योजना के तहत राज्य भर के करीब 67 हजार 585 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस योजना के तहत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, कस्टम हायरिंग केंद्रों और फार्म मशीनरी बैंकों की स्थापना पर 40 से 80 प्रतिशत तक का सरकारी अनुदान दिया जाएगा। विभाग ने राज्य में 500 कस्टम हायरिंग केंद्र (सीएचसी) और एक हजार 85 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने का फैसला किया है। इसके साथ ही हरित ऊर्जा और उन्नत तकनीक को प्रोत्साहित करने के लिए 100 किसान ड्रोन और 500 सोलर पंप सेट भी वितरित किए जाएंगे।

कृषक बंधु और पीएम-किसान सम्मान निधि से जुड़े पात्र किसान आधिकारिक पोर्टल के जरिए छह अक्टूबर से चार नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कृषि विभाग के अनुसार, योजना में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थियों का चयन जिला स्तरीय समिति की मौजूदगी में कम्प्यूटरीकृत लॉटरी के जरिए किया जाएगा, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।