पलामू, 29 अप्रैल । समाहरणालय सभागार में आयोजित जन समाधान दिवस के दौरान बुधवार दोपहर में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवता की सच्ची परिभाषा प्रस्तुत कर दी।
कार्यक्रम के बीच उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को सूचना मिली कि मेदिनीनगर की रहने वाली एक दिव्यांग महिला, शीला कुमारी, उनसे मिलने आ रही हैं, लेकिन दोनों पैरों से असमर्थ होने के कारण समाहरणालय की सीढ़ियां चढ़ पाने में असहाय हैं।
यह सुनते ही उपायुक्त ने बिना एक पल गंवाए जन समाधान कार्यक्रम को बीच में ही रोक दिया और स्वयं नीचे सीढ़ियों तक जाकर उस महिला से मुलाकात की।
सीढ़ियों पर बैठकर उन्होंने पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्या सुनी और तुरंत संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए आश्वस्त किया अब उन्हें दोबारा यहां आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने महिला की समस्या जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि उपायुक्त ने हर बुधवार को जन समाधान दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके माध्यम से समस्याओं को सुनकर उसका निदान करना है। पहले बुधवार को उपायुक्त ने जन समाधान दिवस आयोजित किया।
उपायुक्त ने कई अन्य लोगों की भी फरियाद सुनी और निदान का भरोसा दिलाया।
