हवाई सर्वेक्षण के बाद नाव और ट्रैक्टर से गांवों में पहुंचे , प्रभावितों से ली समस्याओं की जानकारी
पटना, 16 सितंबर। केंद्रीय कृषि, किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। दोनों नेताओं ने पटना के मनेर और सारण के दिघवारा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद वैशाली के राघोपुर प्रखंड की तेरसिया पंचायत पहुंचकर तेरसिया और सरायपुर गांव में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया तथा प्रभावित लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का पहले नाव से जायजा लिया। उन्होंने पानी में डूबे गांवों और खेतों में फसलों को हुए नुकसान को देखा। इसके बाद ट्रैक्टर से तेरसिया और सरायपुर के प्रभावित इलाकों में पहुंचे। वहां मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवेदन प्राप्त किए। ग्रामीणों ने सड़क को ऊंचा करने, नई सड़क बनाने तथा बाढ़ से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा देने की मांग की। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि इस इलाके में इस बार 2016 की तुलना में करीब एक फीट अधिक पानी आया है। उन्होंने कहा कि केले और मक्के की फसल पानी में डूबने से खराब हुई है। बाढ़ से बड़ी संख्या में लोगों को घर छोड़ना पड़ा है तथा फसल, मकान और पशुओं को भी नुकसान हुआ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में जुटी है। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता के रूप में सात हजार रुपये की राशि देना शुरू किया है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर केंद्र सरकार ने स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम बिहार भेजी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग की टीम बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। गांवों में जाकर स्थिति देखी जा रही है, प्रभावित लोगों से बातचीत की जा रही है और खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नुकसान के आकलन के लिए एक और केंद्रीय दल बिहार आएगा।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि फिलहाल राज्य सरकार अपने संसाधनों से बाढ़ प्रभावितों की मदद कर रही है। बाढ़ से सड़क, फसल और मकानों को नुकसान पहुंचा है। केंद्र सरकार नुकसान के आकलन के आधार पर बिहार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मौके पर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को सात हजार रुपये की अंतरिम अनुदान राशि जारी की है। नुकसान का विस्तृत और सटीक आकलन पूरा होने के बाद किसानों तथा अन्य प्रभावित लोगों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता देना शुरू कर दिया है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय टीम भेजने पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया तथा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय टीम का धन्यवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान साहस दिखाने वाले छोटे बच्चे विशाल कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विशाल कुमार ने बाढ़ के दौरान अपने गांव के चार लोगों की जान बचाई थी।———-
