पूर्व मेदिनीपुर, 22 जनवरी । जिले के नंदीग्राम में आयोजित ‘सेवाश्रय’ स्वास्थ्य शिविर स्थानीय जनता के बीच अभूतपूर्व आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बीते एक सप्ताह से लगातार चल रहे इन शिविरों में उमड़ रही भारी भीड़ हो रही है।
आंकड़ों के अनुसार, मात्र सात दिनों के भीतर ही 18 हजार से अधिक लोग इन स्वास्थ्य शिविरों की सेवाओं से लाभान्वित हो चुके हैं।
नंदीग्राम से मिल रही इस सकारात्मक प्रतिक्रिया पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी कृतज्ञता जाहिर की। गुरुवार को साझा की गई अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “नंदीग्राम से जो प्रतिक्रिया मिल रही है, वह हम पर जनता के अटूट विश्वास का सशक्त प्रतिबिंब है। इसके लिए हम वास्तव में आभारी हैं। लोगों की सेवा करने का अवसर मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।”
अभिषेक बनर्जी ने जानकारी दी कि नंदीग्राम में चल रहे ‘सेवाश्रय’ स्वास्थ्य शिविर (एक दिन के अंतराल को छोड़कर) आगामी 31 जनवरी तक जारी रहेंगे। उन्होंने मानवता के प्रति समर्पित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निस्वार्थ परिश्रम और सेवा भावना के कारण ही यह व्यापक जनसेवा संभव हो पा रही है।
उल्लेखनीय है कि नंदीग्राम-एक और नंदीग्राम-दो ब्लॉक में संचालित इन मॉडल स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन नंदीग्राम आंदोलन के शहीद परिवारों के सदस्यों द्वारा किया गया था। उद्घाटन अवसर पर स्वयं अभिषेक बनर्जी उपस्थित रहे थे। उन्होंने इस मौके पर स्पष्ट किया था कि डायमंड हार्बर से शुरू की गई स्वास्थ्य सेवा की पहल अब राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी व्यापक रूप ले रही है।
इन शिविरों की उपयोगिता उस समय और अधिक स्पष्ट हो गई जब बुधवार को ‘एसआईआर’ की सुनवाई के दौरान कई बुजुर्ग अचानक अस्वस्थ हो गए। मौके पर तैनात स्वयंसेवकों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें निकटवर्ती ‘सेवाश्रय’ शिविर पहुंचाया, जहां उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बाद में उन्हें सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में रेफर किया गया।
