बेंगलुरु, 23 अक्टूबर । कर्नाटक विधान परिषद् की दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल चार सीटों के लिए शुक्रवार को हुआ मतदान शाम चार बजे समाप्त हो गया। दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक, उत्तर-पूर्व शिक्षक और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक चला। इस चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस तथा विपक्षी भाजपा और जनता दल (एस) उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ।
चारों निर्वाचन क्षेत्रों के प्रमुख उम्मीदवार
-दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के के.एम. सुरेश और कांग्रेस के शशि हुलिकुंटेमठ के बीच मुकाबला हुआ।
-पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के एस.वी. संकनूर और कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई चुनाव मैदान में हैं।
-उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के शशिल जी. नमोशी और कांग्रेस के शरणप्पा मट्टर के बीच मुकाबला है।
-बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के पुट्टन्ना और जनता दल (सेक्युलर) के ए.पी. रंगनाथ के बीच प्रतिस्पर्धा है।
27 अक्टूबर को मतगणना
चारों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। इसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्नातक मतदाताओं और शिक्षकों का फैसला सामने आएगा। विधान परिषद के चारों मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 11 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
