सरायकेला, 19 सितंबर। जिले की कपाली ओपी पुलिस ने तमुलिया स्थित आस्था वैली में चल रही अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में नकली अंग्रेज़ी शराब, शराब निर्माण की सामग्री, तीन वाहन, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर आगामी दुर्गा पूजा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। 18 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ चांडिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापा मारा और अजय गोप उर्फ कन्हैया गोप को नकली अंग्रेज़ी शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
छापे के दौरान पुलिस ने 585 पीस नकली अंग्रेज़ी शराब, पैकिंग के लिए तैयार 60 लीटर शराब, तीन वाहन स्कॉर्पियो, स्विफ्ट और टाटा इंडिगो, देशी कट्टा और पाँच जिंदा कारतूस, शराब निर्माण सामग्री – स्प्रिट, लेबल, झारखंड सरकार का मोनोग्राम, स्टीकर, बोतलें, ढक्कन आदि बरामद किए हैं।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने किराए के डुप्लेक्स में चल रही फैक्ट्री से शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला पूरा सामान जब्त किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अपने सहयोगियों के साथ आगामी दुर्गा पूजा में बढ़ी मांग को देखते हुए नकली शराब तैयार कर जिले के विभिन्न होटल, ढाबों और दुकानों में सप्लाई करने की योजना बना रहा था।
एसपी लुणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मामले में एक्साइज एक्ट और अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।
