शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया ने उपलब्ध कराए आधुनिक नेत्र चिकित्सा उपकरण , उपायुक्त ने किया उद्घाटन
ओंकार समाचार
साहिबगंज, 2 सितंबर। शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से जिला मुख्यालय पर स्थित सदर अस्पताल को नेत्र चिकित्सा एवं ऑपरेशन से संबंधित अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इस परियोजना का क्रियान्वयन कनेक्ट ग्लोबल फाउंडेशन कीओर से कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत किया गया है ।
इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में जिले के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सदर अस्पताल में आधुनिक उपकरण उपलब्ध होने से जिले के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
अत्याधुनिक उपकरणों से मजबूत होगी नेत्र चिकित्सा सेवा
सीएसआर के तहत सदर अस्पताल में आंखों की जांच और ऑपरेशन के लिए स्कैन बायोमीटर, नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमीटर, ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (ओसीटी), 20 डी लेंस के साथ इनडायरेक्ट ऑप्थैल्मोस्कोप, वॉल्क 90डी लेंस, वॉल्क 78 डी लेंस, मोतियाबिंद सेट, गोनियोस्कोप, ऑप्थैल्मिक ऑपरेटिंग टेबल, ऑटोमेटेड पेरीमेट्री मशीन और डायरेक्ट ऑप्थैल्मोस्कोप समेत अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं।
इन आधुनिक उपकरणों की मदद से सदर अस्पताल में आंखों की जांच, बीमारी की पहचान और सर्जरी की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर एवं सुरक्षित नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े सीएसआर अधिकारी
कार्यक्रम में सदर अस्पताल की ओर से सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, उपाधीक्षक डॉ. देवेश कुमार, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. शहबाज हुसैन और डॉ. मुकेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया की सीएसआर हेड सोमा टंडन और डिप्टी मैनेजर (सीएसआर) दीपक जगतियानी गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके अलावा कनेक्ट ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय कुमार, सचिव राहुल कुमार और कोषाध्यक्ष पुष्पक कुमार भी ऑनलाइन माध्यम से समारोह से जुड़े।
अधिकारियों और संस्था के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से साहिबगंज जिले में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा।
