पूर्वी सिंहभूम, 22 नवंबर। जमशेदपुर। स्वर्णरेखा नदी पर बन रहे मानगो फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए अब आजाद बस्ती की ओर एलिवेटेड रूट और डाउन रैम्प का काम शुरू किया जा रहा है। इसी कारण प्रशासन ने मानगो–पारडीह सड़क पर 25 नवंबर से 24 दिसंबर तक व्यापक ट्रैफिक डाइवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। यातायात पुलिस ने इसके लिए शनिवार को विस्तृत आदेश जारी करते हुए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया है।
नए नियमों के अनुसार मानगो चौक से पारडीह चौक के बीच बड़े मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। भारी वाहनों को अब डिमना चौक होकर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक बड़ा हनुमान मंदिर से मानगो चौक दिशा में केवल स्कूल बसों और वैन को अनुमति होगी, जबकि इसी अवधि में मानगो चौक से बड़ा हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया जाएगा।
सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक वन-वे नियम उलट जाएगा। इस दौरान मानगो चौक से बड़ा हनुमान मंदिर की ओर वाहनों का आवागमन सामान्य रहेगा, लेकिन मंदिर की दिशा से मानगो चौक की ओर आने वाले सभी वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
छोटे वाहनों के लिए भी समयानुसार अलग मार्ग तय किए गए हैं। सुबह 6 से 8 बजे के बीच पारडीह चौक से मानगो ब्रिज आने वाली छोटी गाड़ियां सहारा सिटी रोड नंबर 15 से पारडीह–मानगो रोड होते हुए ब्रिज तक पहुंच सकेंगी। सुबह 8 बजे से अगले दिन 6 बजे तक इन्हीं वाहनों को सहारा सिटी रोड नंबर 15, चेपा पुल, ओल्ड पुरुलिया रोड और मानगो–पारडीह रोड के रास्ते मानगो ब्रिज तक जाने की अनुमति दी गई है।
