रांची, 07 मई। झारखंड के आईआईटी आइएसएम, धनबाद में रूफटाप सोलर पॉवर प्लांट का उद्घाटन विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत ने किया।
यह 1.5 मेगावाट का ग्रिड प्लांट सबस्टेशन-4, हेल्थ सेंटर के सामने स्थित है और इसके शुरू होने से कैम्पस को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा मिलने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर आईआईटी धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, एनआईटी दुर्गापुर के निदेशक प्रो. अरविंद चौबे सहित अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहें।
इस सोलर प्लांट की क्षमता 1500 किलोवॉट है। इससे कैंपस में बिजली की जरूरत का एक बड़ा हिस्सा अब सौर ऊर्जा से पूरा किया जा सकेगा। इससे बिजली खर्च कम होगा और पर्यावरण को भी फायदा मिलेगा।
यह प्रोजेक्ट डीजाइन, सप्लाई, इंस्टालेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग सहित पूरी प्रक्रिया के तहत तैयार किया गया है। इस पहल के ज़रिए आईआईटी आईएसएम ने स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर दिखाया है। संस्थान आने वाले समय में भी ऐसे और हरित कदम उठाने के लिए प्रयासरत है।
