बोकारो, 8 सितंबर। आयुर्वेदिक चाय पत्ती बेचने के बहाने दो-तीन लोग एक बुजुर्ग दंपती के घर में दाखिल हुए… और 68 साल की बुजुर्ग महिला को बेहोश कर उनके जेवर लेकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोकारो के चास में शिव शक्ति कॉलोनी में सोमवार सुबह करीब 11 से 12 बजे के बीच दो-तीन लोग आयुर्वेदिक चाय पत्ती बेचने के बहाने 80 वर्षीय राम पुकार राम के घर पहुंचे। राम पुकार राम अपनी 68 वर्षीय पत्नी हीरामणि देवी के साथ रहते हैं। बदमाशों ने बातचीत के दौरान हीरामणि देवी को चाय पत्ती चखने के लिए दी। हीरामणि देवी ने जैसे ही चाय पत्ती मुंह में रखी वह बेहोश हो गईं। इसके बाद बदमाशों ने उनके कान की दोनों बालियां और मंगलसूत्र उतारा और मौके से फरार हो गए।
घटना के वक्त बुजुर्ग दंपती की बेटी ऊपर के तल्ले पर मौजूद थी, लेकिन वह नहाने गई हुई थी। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।
हैरानी की बात ये है कि बदमाशों ने इससे पहले पड़ोस में रहने वाली रामवती देवी को भी इसी तरह अपना शिकार बनाने की कोशिश की थी। लेकिन उस वक्त उनका बेटा घर में मौजूद था इस वजह से बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।
सूचना मिलने के बाद चास थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
