gr

कोलकाता, 06 सितंबर । पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय रहने के कारण रविवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।

दक्षिण बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई है।

उत्तर बंगाल में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने का अनुमान है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

कोलकाता और आसपास के इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 से 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अधिक आर्द्रता के कारण बारिश के बीच उमस का असर भी बना रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं और मौसमी परिस्थितियों के कारण राज्य में बारिश का दौर जारी है।