पूर्वी सिंहभूम, 11 अप्रैल । शहर के बिष्टुपुर इलाके में चाय का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाली युवती मेहंदी पर गर्म चाय से हमला किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इस घटना के विरोध में शनिवार को क्षत्रिय समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली और जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
बताया जाता है कि बीते दिनों बिष्टुपुर में कुछ समाजकंटकों ने मेहंदी पर केतली से उबलती हुई चाय फेंक दी थी। इस हमले में युवती का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर कुछ आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता सहित कई अन्य आरोपित अब भी फरार बताए जा रहे हैं। इसी को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

शनिवार को निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि शहर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रैली में शामिल लोगों ने मांग किया कि इस जघन्य हमले में शामिल सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की जाए और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान सत्यम संजीवन ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष कंचन सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। कंचन सिंह ने कहा कि मेहंदी बेहद गरीब परिवार से आती है और वह अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली है, ऐसे में उसके इलाज का पूरा खर्च प्रशासन को उठाना चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शहर में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है। ट्रस्ट के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अपराधियों के मन में कानून का डर कम होता जा रहा है। इस कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मौके पर कंचन सिंह के अलावा ट्रस्ट से जुड़े अन्य सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, पूरे शहर की नजर अब इस बात पर टिकी है कि पीड़िता को कब न्याय मिलता है और प्रशासन इस घटना पर क्या ठोस कदम उठाता है।
टीएमएच में इलाजरत मेहंदी के इलाज की व्यवस्था करेंगे सरयू राय

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि मेहंदी बिटिया के इलाज में धन की किल्लत नहीं होगी। इलाज तब तक चलेगा,जब तक वह स्वस्थ न हो जाए।
शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा मनबढ़ शोहदों द्वारा चेहरे पर खौलती चाय फेंक देने से बुरी तरह झुलसी बच्ची मेंहदी के इलाज में कोताही नहीं होगी। टाटा स्टील प्रबंधन ने मेरा आग्रह मान लिया है कि बिल बकाया रहने पर भी इलाज चलता रहेगा। मैंने उन्हें आश्वस्त किया है कि बकाया इलाज खर्च की व्यवस्था मेरे स्तर से कर दी जाएगी। इस पोस्ट पर बेहद सकारात्मक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
गौरतलब है कि जिस दिन यह घटना घटी, उसके दूसरे ही रोज श्री राय ने अपने जनसुविधा प्रतिनिधि नीरज सिंह,जदयू के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, जदयू के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार आदि से टाटा मेन हॉस्पिटल जाने को कहा और यह भी ताकीद किया कि वह बिटिया के इलाज को सही तरह से देख लें। कहीं कोई दिक्कत न हो। उनके निर्देश पर लोग अस्पताल गए और घायल बिटिया मेहंदी के इलाज के बारे में पर्याप्त जानकारी ली।
यह पहला मौका नहीं है, जब श्री राय का बेहद संवेदनशील और मानवीय पक्ष सामने आया हो। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वह धर्म,जाति,पार्टी, विचारधारा से एकदम अलग होकर इंसानियत के नाते भी लोगों की मदद करते रहे हैं।
