पूर्वी सिंहभूम, 14 सितंबर ।साकची थाना क्षेत्र स्थित स्वर्णरेखा घाट पर सोमवार को एक किशोर तेज बहाव वाली नदी में बहने लगा। घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किशोर को नदी से बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई, जिसके बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को अपने संरक्षण में लेकर थाने ले गई।
बताया जाता है कि किशोर गोलमुरी क्षेत्र का रहने वाला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में परिजनों की डांट से नाराज होकर वह स्वर्णरेखा घाट पहुंचा था। इसके बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह पानी की धारा में बहने लगा। घाट पर मौजूद लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने बिना देर किए उसे बचाने का प्रयास शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बचाव के दौरान किशोर लगातार कह रहा था कि उसे बचाया नहीं जाए और वह मरना चाहता है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत नहीं हारी और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस घाट पर पहुंची और किशोर को थाने ले गई। पुलिस उससे पूछताछ करने के साथ ही उसे समझाया-बुझाया। थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने बताया कि उसके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है।
पुलिस का प्रयास है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया जाए।
