सिलीगुड़ी, 04 नवंबर । दीपावली से पहले प्रतिबंधित पटाखों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत खोरीबाड़ी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखों का जखीरा बरामद किया है।
भारत-नेपाल सीमा से सटे पानीटंकी इलाके में पानीटंकी पुलिस चौकी की पुलिस ने बुधवार दोपहर पहले संबंधित व्यापारी की दुकान और फिर उसके गोदाम पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान गोदाम से लगभग 300 पैकेट प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए गए, जिनकी बाजार में कुल अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विकास आचार्य नामक पटाखा व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का पालन कराने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों और बाजारों में सख्त निगरानी रखी जा रही है। दीपावली और काली पूजा के दौरान प्रतिबंधित और अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की अवैध बिक्री तथा भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
