पश्चिम बर्दवान, 07 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल को बिना पूर्व सूचना जल छोड़े जाने के विरोध में तृणमूल कांग्रेस मंगलवार को माईथन स्थित डैमोडर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) के कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल नेतृत्व के इस आंदोलन में मंत्री मलय घटक और जिलाध्यक्ष एवं पांडवेश्वर के विधायक नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती के शामिल होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि दुर्गा पूजा के मौसम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के अधीन डीवीसी ने राज्य सरकार को बिना सूचना दिए जल छोड़ा है। उन्होंने इसे बंगाल को नुकसान पहुंचाने की “जानबूझकर की गई एकतरफा कार्रवाई” बताया था। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि डीवीसी की इस कार्रवाई से राज्य के कई इलाके बाढ़ के खतरे में हैं।
इसी मुद्दे पर राज्य की तृणमूल इकाई अब सड़कों पर उतर आई है। जिला नेतृत्व का कहना है कि केंद्र की इस नीति के विरोध में माईथन स्थित डीवीसी दफ्तर के समक्ष शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा।
इस बीच, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने मुख्यमंत्री के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि डीवीसी ने निर्धारित नियमों के अनुसार ही जल छोड़ा है। साथ ही, उन्होंने ममता बनर्जी द्वारा बताए गए जल-स्तर के आंकड़ों की सत्यता पर भी प्रश्न उठाया।।
