letter

पश्चिम बर्दवान, 09 जून। बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने हर्ष व्यक्त करते हुए जानकारी दी है कि कमेटी के सचिव सुरेंद्र सिंह को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रशंसा एवं शुभकामनाओं का पत्र प्राप्त हुआ है। यह पत्र सुरेंद्र सिंह द्वारा प्रधानमंत्री को भेजे गए बधाई संदेश और सराहना के जवाब में भेजा गया है। तीन जून को लिखे गए अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेंद्र सिंह द्वारा व्यक्त किए गए स्नेहपूर्ण भावों के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना की है।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव सुरेंद्र सिंह अत्तु ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से प्राप्त यह पत्र बर्नपुर के सिख समुदाय के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह सकारात्मक जनसंपर्क, लोकतांत्रिक सहभागिता और समाज के प्रति रचनात्मक योगदान के महत्व को भी दर्शाता है।

इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री के पत्र के लिए अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस सम्मान से स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे भी समाज कल्याण, सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने तथा जनसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा के साथ योगदान देते रहेंगे।

बर्नपुर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार का संवाद समाज के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण और जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।