चतरा, 09 जून । अफीम के सौदागरों के खिलाफ चतरा पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर गिद्धौर के बेल गाछ के पास छापेमारी कर पुलिस ने 1.380 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान सदर थाना क्षेत्र के उदय दांगी (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपित के पास से अवैध अफीम, एक मोबाइल फोन और एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (संख्या जे एच 13एच-5234) बरामद की है। इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या 73/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में गिद्धौर थाना पुलिस और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने की।
