पूर्वी सिंहभूम, 27 मई । सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित निर्मलनगर में मंगलवार रात 53 वर्षीय प्लंबर विजय दास ने अपने घर में फंदे सेे लटककर खुदकुशी कर ली।
घटना के समय वह घर में अकेले थे। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार विजय दास पिछले काफी समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा था। बीते गुरुवार को उनकी मानसिक स्थिति अधिक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वह घर लौटे थे, लेकिन उनकी हालत सामान्य नहीं थी। परिवार का कहना है कि बीमारी और मानसिक तनाव के कारण ही उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। उस समय विजय की पत्नी बच्चों को ट्यूशन छोड़ने बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान विजय ने घर के अंदर खुुदकुशी कर ली। जब उनकी पत्नी वापस लौटीं तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया।
पत्नी की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। विजय दास कमरे में फंदे से लटके हुए थे। आनन-फानन में उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
विजय दास अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। थाना प्रभारी नेे बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। मामलेे में यूडी केस दर्ज किया गया है।
