तीन गिरफ्तार

खूंटी, 27 मई । जिले के सायको थाना क्षेत्र में छऊ नृत्य मेला देखने गए जिउरी बड़ा टोली गांव निवासी दो किशोरों की हत्या के  मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपिताें में हत्याकांड को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपित सायको के जिउरी बड़ा टोली निवासी सुम्बर सिंह मानकी (21 ) के अलावा शव छिपाने में सहयोग करने वाले सायको निवासी गोमेया सोय (45) और बुधराम सोय (45 ) शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपिताें ने आपसी रंजिश में हत्या करने की बात स्वीकार की है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपित सुम्बर सिंह मानकी की शादी कुछ दिनों पूर्व ही हुई थी। शादी के बाद वह काम के सिलसिले में बाहर गया था और जाने से पहले अपने दोस्त विशु पाहन को पत्नी की देखभाल करने को कहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी की दोस्ती किसी अन्य युवक से हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर सुम्बर सिंह मानकी अपने दोस्त विशु पाहन से नाराज हो गया कि उसने उसे इस बारे में जानकारी क्यों नहीं दी।

बताया गया कि 17 मई की रात सायको में आयोजित छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने विशु पाहन अपनी पूर्व प्रेमिका सुमी मुंडू के साथ पहुंचा था।

कार्यक्रम स्थल से करीब 300 मीटर दूर सुम्बर सिंह मानकी ने पुराने विवाद को लेकर विशु पाहन पर धारदार हथियार टांगी से हमला कर दिया। इस दौरान सुमी मुंडू ने उसे बचाने का प्रयास किया, तो आरोपित ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपित ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दोनों शवों को मारंगबुरू पहाड़ में छिपा दिया था, जहां से अगले दिन पुलिस ने शव बरामद किए।

घटना के बाद सायको थाना में हत्या का मामला दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खूंटी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस निरीक्षक, खूंटी अंचल तथा सायको थाना प्रभारी की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी, खून लगी मिट्टी, चप्पल और कपड़े बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।