durga

कोलकाता, 10 अक्टूबर । महालया के साथ पितृपक्ष की समाप्ति और देवीपक्ष की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही दुर्गापूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बीच बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की संभावना के बावजूद पश्चिम बंगाल में इसका सीधा प्रभाव पड़ने की आशंका कम है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान भारी बारिश की संभावना फिलहाल कम है। हालांकि, कोलकाता सहित राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को महालया के दिन कोलकाता और आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।

दक्षिण बंगाल के जिलों में भी महालया से मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा तथा पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने की संभावना है। तटीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्रों में दुर्गापूजा की पंचमी, षष्ठी और सप्तमी के दौरान बारिश की संभावना अपेक्षाकृत कम है। इससे पूजा के शुरुआती दिनों में मौसम अनुकूल रहने की उम्मीद है।

उत्तर बंगाल में भी दुर्गापूजा के दौरान मौसम सामान्यतः सुहावना रहने का अनुमान है। हालांकि, महालया के दिन कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। फिलहाल उत्तर बंगाल में भारी बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की संभावना को देखते हुए मौसम पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग के मौजूदा पूर्वानुमान के अनुसार, दुर्गापूजा के दौरान भारी बारिश या चक्रवात को लेकर फिलहाल चिंता करने की जरूरत नहीं है।