______005

पूर्वी सिंहभूम, 07 सितम्बर । शहर के मानगो बड़ा पुल पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जुगसलाई की रहने वाली एक युवती आत्महत्या की नीयत से पुल की जाली फांदकर कूदने जा रही थी, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीरों की सतर्कता से उसकी जान बच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती जाली के ऊपर चढ़ चुकी थी और छलांग लगाने ही वाली थी, तभी लोगों की नजर उस पर पड़ी। उपस्थित लोगों ने तुरंत हरकत में आकर किसी तरह उसे पकड़ लिया और नीचे उतार लिया। बाद में स्थानीय लोगों ने युवती को पुलिस के हवाले कर दिया।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती आत्महत्या क्यों करना चाहती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि मानगो बड़ा पुल पर आत्महत्या की कई घटनाएँ पहले भी हो चुकी हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल पर जाली लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक-युवतियाँ जाली फांदकर जान देने का प्रयास करते हैं। इस घटना ने एक बार फिर पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।