f

सिलीगुड़ी, 20 सितंबर । दार्जिलिंग मोड़ पर लंबे समय से जारी यातायात जाम की समस्या के बीच रविवार को बालासन से सेवक आर्मी कैंटोनमेंट एलिवेटेड हाईवे कॉरिडोर के दार्जिलिंग मोड़ के एक हिस्से को यातायात के लिए खोल दिया गया है। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने पीएचई और पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय पोद्दार के साथ इसका उद्घाटन किया।

सांसद राजू बिष्ट ने कहा कि दार्जिलिंग मोड़ पर जाम के कारण वर्षों से छात्रों, स्थानीय लोगों, मरीजों, व्यापारियों, यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। एक कैरिजवे शुरू होने से इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर यातायात का दबाव कम करने में तत्काल मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को समय पर पहुंचने में सुविधा होगी। मरीजों और एंबुलेंस को अस्पताल पहुंचने में देरी कम होगी, जबकि व्यापारियों को माल ढुलाई में सहूलियत मिलेगी। साथ ही सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में आवागमन भी आसान होगा।यह सिलीगुड़ी कॉरिडोर के जरिए माल परिवहन और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर के साथ-साथ भारत, भूटान और नेपाल के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस दौरान मंत्री अजय पोद्दार ने सालूगाड़ा हिस्से में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और शेष काम की प्रगति की समीक्षा की। माटीगाड़ा के बालासन से सेवक आर्मी कैंटोनमेंट तक पूरे एलिवेटेड कॉरिडोर को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।