ओंकार

कोडरमा, 23 जुलाई । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कोलकाता टीम ने गुरुवार को कोडरमा जिले के नवलशाही और डोमचांच क्षेत्र स्थित कई विस्फोटक मैगजीनों में छापेमारी की। यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में वर्ष 2024 में हुए विस्फोट मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है।

जांच के दौरान एजेंसी को कोडरमा से विस्फोटकों के संभावित संबंध के संकेत मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया। सूत्रों के अनुसार, एनआईए की कई टीमें जिले के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में लोकाई निवासी शंकर यादव और डोमचांच थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी महेश कुमार मेहता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि शंकर यादव से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर टीम ने जिले के विभिन्न विस्फोटक भंडारण केंद्रों (मैगजीन) की जांच की। अधिकारी दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ-साथ विस्फोटकों के भंडारण, आपूर्ति और उनके उपयोग से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। कोडरमा के पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने बताया कि कोलकाता एनआईए की टीम एक मामले की जांच के सिलसिले में कोडरमा पहुंची है। स्थानीय पुलिस जांच में पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि छापेमारी और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि कहीं विस्फोटकों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर अवैध खनन या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में तो नहीं किया गया। फिलहाल एनआईए की कार्रवाई जारी है।