पश्चिमी सिंहभूम, 29 अक्टूबर। पश्चिमी सिंहभूम जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने गुरुवार को तूरतुंग आर्चरी फील्ड में पैरा एशियन स्वर्ण पदक विजेता विजय सुंडी को सम्मानित किया। क्लब के सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी उपलब्धि की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उनके कोच महर्षि मंडल सिंकू सहित अन्य खिलाड़ियों का भी उत्साह बढ़ाया गया।
क्लब के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि विजय सुंडी ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी उपलब्धि से स्थानीय युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और उचित अवसर जरूरी हैं। रोटरैक्ट क्लब स्थानीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करने की दिशा में प्रयासरत है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विजय सुंडी ने क्लब के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान और प्रोत्साहन खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार करता है। इससे उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में क्लब के सचिव सौरव गुप्ता, रवि अग्रवाल, सौरभ नेवटिया और अक्षय कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं, कोच महर्षि मंडल सिंकू के साथ खिलाड़ी शैलस्ती बिरुआ, सोमती सिंकू, सोसामा बारी, आशा रानी बिरुली, राजा राम सुरिन, मोहित पूर्ति, हिमामोनी सिंकू और घनश्याम जामुदा भी मौजूद थे। क्लब के सदस्यों ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।
