पूर्वी सिंहभूम, 18 अक्टूबर । घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के प्रचार में शुक्रवार को एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने चुनावी माहौल में भी भक्तिभाव और मुस्कुराहट दोनों घोल दी।
भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन के नामांकन के दौरान आयोजित जनसभा में अचानक एक लंगूर मंच पर पहुंच गया और भाजपा नेता रमेश हांसदा के पास आकर शांति से बैठ गया। कुछ पल के लिए सब हैरान रह गए। उसने रमेश हांसदा को गला लगाया और ऐसा लगा कि वह कान में कुछ कह रहा है। रमेश हांसदा ने भी उसे अपना भाई बताते हुए कुछ खाने को दिया। इसके बाद जो आगे हुआ, उसने सभा को चर्चा का विषय बना दिया।
लंगूर आकर कुछ मिनटों तक शांत बैठा रहा। मंच पर मौजूद लोग पहले तो घबरा गए, मगर लंगूर ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
सभा में उपस्थित लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने लगे। कुछ लोगों ने इसे शुभ संकेत बताया तो कुछ ने इसे चुनावी हनुमान लीला कहा। थोड़ी देर के लिए माहौल में उत्सुकता और हंसी का माहौल बन गया।
शनिवार को भाजपा नेता रमेश हांसदा ने इस घटना को लेकर कहा कि जब लंगूर मेरे पास आकर बैठा तो मुझे लगा कहीं हमला न कर दे, लेकिन उसने ऐसा कुछ नहीं किया। उस पल मुझे ऐसा महसूस हुआ जैसे भगवान हनुमान जी का प्रतीक बनकर वह मुझे आशीर्वाद देने आया है। ऐसा लग रहा था जैसे कह रहे हों कि तुम अपना कार्य करो, उसका फल जल्द मिलेगा।
कुछ देर बाद लंगूर मंच से उतरकर भीड़ की ओर चला गया और सभा सामान्य रूप से आगे बढ़ी। इस अप्रत्याशित पल ने घाटशिला की चुनावी चर्चा को एक अलग ही रंग दे दिया मानो राजनीति में हनुमानजी साक्षी बन गए हैं।
