crime

सिलीगुड़ी, 10 फरवरी । माटीगाड़ा के शिमुलतला इलाके से लापता दसवीं कक्षा के छात्र का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार देर रात पुलिस ने स्थानीय एक जंगल से छात्र का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, छात्र शनिवार शाम से लापता था। परिजनों का आरोप है कि शनिवार शाम एक पड़ोसी युवक ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया था। रात दस बजे के बाद से छात्र का मोबाइल फोन बंद हो गया। पूरी रात तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो रविवार को परिजनों ने माटीगाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसी पड़ोसी युवक ने छात्र का अपहरण किया है।

इस घटना के पीछे त्रिकोणीय प्रेम विवाद की बात भी सामने आई है। मृत छात्र के बड़े भाई का आरोप है कि एक लड़की को लेकर आरोपी युवक और उसके भाई के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बदले की नीयत से ही उसके भाई का अपहरण किया गया।

छात्र के लापता होने के बाद से ही आरोपित युवक फरार था। पुलिस ने उसके मोबाइल लोकेशन के आधार पर कूचबिहार के माथाभांगा इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन आरोपित का कोई पता नहीं चला है। हालांकि पूछताछ के लिए आरोपी के एक दोस्त को हिरासत में लिया गया था।

पुलिस को आशंका है कि अपहरण के बाद उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। फिलहाल आरोपित की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।