सिलीगुड़ी, 15 फरवरी । पूरे राज्य के साथ-साथ सिलीगुड़ी में भी युवा साथी योजना के लिए आवेदन शिविर की शुरुआत रविवार को हो गई है। पहले ही दिन बड़ी संख्या में युवक-युवतियां आवेदन करने बाघाजतीन पार्क पहुंचे। राज्य सरकार की दुआरे सरकार की तर्ज पर राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाए गए है।
सिलीगुड़ी में आयोजित इस शिविर का निरीक्षण मेयर गौतम देव ने किया। उन्होंने व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आवेदन प्रक्रिया 26 फरवरी तक जारी रहेगी।
इस योजना के तहत पात्र आवेदकों को प्रतिमाह 1500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। आवेदन के लिए पश्चिम बंगाल का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता माध्यमिक पास रखी गई है, जबकि आयु सीमा 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। पहले दिन उमड़ी भीड़ से साफ है कि योजना को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
