हजारीबाग, 16 अक्टूबर। हजारीबाग पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र में हुई दवा लोडेड पिकअप वैन लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चौपारण बोड़सीधिया निवासी राहुल सिंह (20), इटखोरी चतरा निवासी शिवम कुमार (30) और अविनंदन चौधरी (33) शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से ब्रेज़ा कार (जेएच02 बीटी 7723), लूटा गया मोबाइल फोन, 21 हजार 300 रुपये नकद, और दवा लोडेड पिकअप वैन (बीआर 01 जीएल-8677) बरामद की है।
यह कार्रवाई एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की है, जब पटना ट्रांसपोर्ट नगर से रांची जा रही पिकअप वैन को चौपारण घाटी के पास अपराधियों ने ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट कर वाहन और मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी शुरू की गई। इसी क्रम में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल सिंह को चौपारण रोड से ब्रेज़ा कार सहित गिरफ्तार किया। बाद में उसकी निशानदेही पर शिवम कुमार और अविनंदन चौधरी को भी दबोचा गया।
छापेमारी दल में एसआई अजित कुमार विमल, चंद्रशेखर कुमार, सरोज सिंह चौधरी, रवि रंजन, श्रवण कुमार पासवान और जयदीप चंद्र महतो शामिल थे।
