ओंकार समाचार
कोलकाता, 8 फरवरी। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता के तत्वावधान में रविवार 8 फरवरी को 5 स्थानों पर निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
ये स्वास्थ्य शिविर रोटरी क्लब ऑफ सॉल्ट लेक के सहयोग से हसनाबाद में, साधु आश्रम के सहयोग से भाटपार में , आम्ता विधायक के सहयोग से आम्ता में , नव दिशा वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से कोलाघाट में तथा हिजमत वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से 96 काशीपुर में आयोजित किए गए।
इन शिविरों में कुल 1680 मरीजों की जांच की गई, मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को उनकी जरूरत के मुताबिक दवाएं निशुल्क प्रदान की गई।
नेत्र परीक्षण के दौरान 480 मरीजों की नजर कमजोर पाई गई, इन्हें मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से चश्मे निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। 110 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निःशुल्क किए जाएंगे।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. कबीर अहमद, डॉ. शमीमा खातून, डॉ. मलय दास, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. शंकर मंडल, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. सुमित्रा पाल एवं डॉ. सुबेंदु देवनाथ का योगदान सराहनीय रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
