kuch

कूचबिहार, 08 फरवरी । राजस्थान के कोटा गए कूचबिहार निवासी युवक की एक हादसे में मौत हो गई है। युवक का नाम अनरण्य कर्मकार (20) है। घटना कोटा के तलवंडी इलाके की है। इस हादसे में अनरण्य की मां सुदीप्ता कर्मकार भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। फिलहाल, वे राजस्थान के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

अनरण्य कूचबिहार शहर के वार्ड नंबर 14 का निवासी है। वह कोटा में रहकर जॉइंट एंट्रेंस परीक्षा की तैयारी कर रहे था और अपनी मां के साथ वहीं रहते था। शनिवार रात मां-बेटे तलवंडी इलाके के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। उसी दौरान अचानक बहुमंजिली इमारत भरभराकर गिर पड़ी। इमारत के मलबे में अनरण्य, उनकी मां समेत कई लोग दब गए। बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने के दौरान अनरण्य समेत दो लोगों के शव बरामद किए गए।

अनरण्य के पिता अभिजीत कर्मकार एक सेवानिवृत्त सरकारी इंजीनियर है। वे कुछ दिन पहले ही कोटा से कूचबिहार लौटे थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वे राजस्थान के लिए रवाना हो गए।

कूचबिहार के पुलिस अधीक्षक संदीप कर्रा ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। इस हादसे से पूरे कूचबिहार शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। एक होनहार छात्र की असमय मौत से हर आंख नम है।——————-