485 को मिलेंगे चश्मे, 120 के होंगे निशुल्क ऑपरेशन
ओंकार समाचार
कोलकाता, 22 फरवरी। मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी की ओर से पश्चिम बंगाल पांच स्थानों पर नि:शुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
ये शिविर बी के चैरिटेबल ट्रस्ट के सहययोग से गार्डन रीच में, खरगापुर सिटीजन फोरम के सहयोग से खरगापुर में, रनिंग बुलेट क्लब के सहयोग से बी के पाल में, रोटरी क्लब ऑफ विजनरी के सहयोग से सोनारपुर में एवम् आमता के विधायक सुकांतो पाल के सहयोग से आमता के सिरोल मे आयोजित किए गए।

इन शिविरों में लगभग 1250 मरीजों की जांच की गई। मरीजों की ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर एवं सामान्य स्वास्थ्य जांचें निशुल्क की गई। मरीजों को आवश्यकतानुसार दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं।
नेत्र परीक्षण के दौरान 485 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई, जबकि 120 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित मिले। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन कोलकाता स्थित मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में निशुल्क किए जाएंगे।
पश्चिम बंगाल सरकार में शिशु एवं नारी कल्याण मंत्री डा.शशि पांजा तथा शोभाबाजार हॉट खोला ब्लड बैंक के सचिव डी. आशीष ने शिविरों का अवलोकन किया और शिविर के आयोजन के लिए सोसायटी की सराहना की।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रहलाद रॉय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. मलय दास, डॉ. सुबेंदु देवनाथ, डॉ. संजीत सिंह, डॉ. कमलेश राय एवं डॉ. शैलेश शाह का सराहनीय योगदान रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
मेडिक्लेम बीमा धारकों के इलाज की सुविधा उपलब्ध
अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसाइटी में मेडिक्लेम बीमा धारकों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध है। सोसायटी के अस्पताल में आम नागरिकों को न्यूनतम शुल्क पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यहां जनरल वार्ड में भर्ती होने वाले मरीजों से बैड का एक दिन का किराया मात्र 50 रुपए लिया जाता है।
अस्पताल में मौजूद होम्योपैथिक चिकित्सक मात्र 20 रुपए में परामर्श देते हैं और दवा नि:शुल्क देते हैं। यहां चिकित्सक से मात्र 120 रुपए में परामर्श लिया जा सकता है। परामर्श के साथ दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। अस्पताल में जेनेरिक दवाएं 60 प्रतिशत डिस्काउंट पर दी जाती हैं।
नि:शुल्क सर्वाइकल वैक्सीन
सोसायटी ने सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए 9 से 45 साल तक की महिलाओं को सर्वाइकल वैक्सीन नि:शुल्क देने का अभियान शुरू किया है।
