1120 मरीजों की जांच, 80 के होंगे निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन
ओंकार समाचार
कोलकाता, 25 जनवरी । मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी, कोलकाता की ओर से रविवार को चार स्थानों पर निशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया गया।
ये शिविर मारवाड़ी युवा मंच के सहयोग से रिषड़ा में, ब्लू स्टार के सहयोग से चेतला में , बालक संघ के सहयोग से नीमतल्ला स्ट्रीट में तथा स्वप्ननीर के सहयोग से श्यामनगर में आयोजित किए गए। चारों शिविरों में कुल लगभग 1120 मरीजों की जांच की गई।
चारों शिविरों में कुल 80 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जिनके ऑपरेशन मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी अस्पताल में किये जाएंगे, 360 मरीजों को चश्मे की आवश्यकता चिन्हित की गई। शेष मरीजों की शुगर जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं ईसीजी की गई तथा आवश्यकतानुसार मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
कैंप कोऑर्डिनेटर अजय दिवाकर ने बताया कि मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी के मानद प्रधान सचिव प्रह्लाद राय गोयनका की प्रेरणा से आयोजित इन शिविरों को सफल बनाने में डॉ. अनिर्बान धर, डॉ. सुकांतो राय, डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. मलय दास, डॉ. राजीव सिंह, डॉ. कैफ, डॉ. कबीर अहमद, डॉ. के.के. राय एवं डॉ. एम.के. राय का सराहनीय योगदान रहा।
दिवाकर ने बताया कि प्रधान सचिव गोयनका जी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गरीब एवं वंचित तबके के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
